इंटरपोल ने अपने प्रेजिडेंट मेंग होंगवेईको हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आने के बाद अब चीन की सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि इंटरपोल प्रेजिडेंट के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में चीन में उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इससे पहले चीन पहुंचने पर उनके लापता होने की खबर आई थी। 64 वर्षीय मेंग इंटरपोल का प्रमुख बनने वाले पहले चीनी नागरिक हैं। इसका मुख्यालय फ्रांस के लियॉन में स्थित है।
हॉन्ग कॉन्ग से प्रकाशित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने एक सूत्र के हवाले से खबर दी है कि पिछले सप्ताह चीन पहुंचने पर मेंग को ‘अनुशासन अधिकारी’ पूछताछ के लिए ले गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनके खिलाफ जांच क्यों चल रही है और उन्हें कहां रखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार मेंग चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के उप मंत्री भी हैं। मेंग की पत्नी ने उनके लापता होने की फ्रांसीसी पुलिस को जानकारी दी थी। फ्रांस की पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि उसने मेंग को तलाशने के लिए जांच शुरू कर दी है। मेंग को आखिरी बार 29 सितंबर को फ्रांस में देखा गया था।
चीन के निगरानी कानून के तहत संदिग्ध के परिवार और नियोक्ता को 24 घंटे के भीतर हिरासत में रखे जाने की सूचना दे दी जानी चाहिए, सिर्फ जांच बाधित होने की स्थिति में ऐसा नहीं किया जा सकता है। ऐसा लगता है कि मेंग की पत्नी को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। 2016 में मेंग की इंटरपोल प्रमुख के तौर पर नियुक्ति की गई थी। उनका कार्यकाल 2020 तक है। इंटरपोल विभिन्न देशों की पुलिस के बीच सहयोग के लिए दुनिया की सबसे बड़ी एजेंसी है। दुनिया के 192 देश इसके सदस्य हैं।