इंदौर: डेली कॉलेज बोर्ड में नियुक्त होने और 24 घंटे में ही नियुक्ति रद्द होने के बाद अब जल्द ही नई नियुक्ति हो सकती है। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और विधायक लक्ष्मण सिंह ही इन नई नियुक्ति को लेकर नाम भेजेंगे।
सूत्रों के अनुसार सिंह अपने साथ पढ़े हुए मित्र माधव धबाई को बोर्ड में नियुक्त कराएंगे। वह पहले भी बोर्ड मेंबर रह चुके हैं। वहीं दूसरा नाम चंडोक परिवार से आ सकता है, जिसमें सुमित चंडोक का नाम चल रहा है। सिंह द्वारा नाम तय किए जाने की स्थिति में कांग्रेस के शहराध्यक्ष विनय बाकलीवाल के लिए रास्ते बंद हो जाएंगे, जिनका नाम पहली नियुक्ति में था।
वहीं रद्द नियुक्ति में दूसरा नाम सुमेर सिंह था, लेकिन वह पंजाब में शिफ्ट हो गए हैं, इसलिए उनकी मंशा भी इस पद के लिए नहीं है, जिसके लिए वह पहले ही मुख्यमंत्री कमलनाथ को इनकार कर चुके हैं।
सिंह को दिए हैं डीसी में अधिकार :
सूत्रों के अनुसार मंत्री नहीं बनाए जाने से सिंह पहले से ही दिग्विजय सिंह से नाराज बताए जा रहे हैं। जब उनकी मंशा के बिना डेली कॉलेज बोर्ड में बाकलीवाल और सिंह को नियुक्त करने के आदेश जारी हो गए तो, उन्होंने फिर नाराजगी जाहिर कर दी। इस पर दिग्विजय सिंह ने सीएम कमलनाथ से बात कर लक्ष्मण सिंह की नाराजगी की बात कही और कहा कि वह पहले ही डेली कॉलेज बोर्ड में किसी और को नियुक्त करने के लिए वादा कर चुके हैं, इसलिए उन्हें ही तय करने दिया जाए। इस चर्चा के बाद 29 जनवरी की सुबह ही दोनों नियुक्तियां रद्द कर दी गईं।