- प्रदेश

कमलनाथ ने बजट को बताया छलावा, शिवराज ने कहा- किसानों के हित में क्रांतिकारी फैसला

भोपाल: मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केंद्र सरकार के आम बजट को छलावा बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 5 साल में जनता को अच्छे दिन नहीं दिखा पाई और आख़िरी बजट में भी ये उम्मीद पूरी नहीं हुई।

कमलनाथ ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, उम्मीद थी कि आज पेश केंद्र सरकार के आखिरी बजट में जनता को बड़ी राहत देने वाला होगा। लेकिन जिस तरह 5 साल में केंद्र सरकार जनता को अच्छे दिन नहीं दिखा पाई। इसी तरह से इस बजट में भी ये उम्मीद पूरी नहीं हुई है। बजट पूरी तरह से चुनावी फायदे वाला है। इसमें की गई घोषणाएं पूरी नहीं होंगी।

कमलनाथ ने कहा, बजट में कई बातें आगामी चुनाव को देखते हुए घोषित की गई हैं। अपने कार्यकाल के आख़िरी समय में ही मोदी सरकार को किसान, मज़दूर, ग़रीब, गौ-माता की याद आई। जबकि सच्चाई ये है कि पूरे कार्यकाल में इन वर्गों को सिर्फ छला गया।

बजट में युवाओं और बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं 
किसानों को कर्ज से उबारने, युवाओं को रोजगार देने और नोटबंदी से जीएसटी से परेशान व्यापारियों को राहत देने के लिए कोई ठोस प्रावधान इस बजट में नहीं किया गया है। किसानों के लिए घोषित राशि ऊंट के मुंह में जीरा के समान हैं। पिछले वर्षों की तरह मोदी सरकार का ये बजट एक छलावा साबित होगा। कमलनाथ ने बजट को जुमलेबाजी करार दिया है।

किसानों के हित में सबसे बड़ा फैसला
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बजट में किसानों के हित में लिए गए फैसले पर पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, बजट में 5 एकड़ के किसानों के खाते में 6 हजार रुपये हर साल दिए जाएंगे।किसान के हित में आज तक का सबसे बड़ा क्रांतिकारी फैसला। साथ ही 5 लाख पर अब कोई आयकर नहीं और इसमें बचत करने पर 6.5 लाख तक कोई टैक्स नहीं देय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *