छिंदवाड़ा : मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि भारत की पहचान बनाने वाली संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से आज की युवा पीढ़ी को जोड़ने की जरूरत है। इसके जरिये ही हम देश का निर्माण करेंगे और उसे महान बना पायेंगे। उन्होंने कहा कि विकास घोषणाओं से नहीं होने से दिखता है। श्री नाथ आज छिंदवाड़ा में राजा भोज की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, छिंदवाड़ा शहर के लिये नियमित जल प्रदाय योजना का लोकार्पण और निर्माणाधीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निरीक्षण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुझे छिंदवाड़ा के विकास की पब्लिसिटी करने की जरूरत नहीं है। आज बढ़ता और बदलता छिंदवाड़ा आपके सामने है- श्री कमल नाथ, मुख्यमंत्री@JansamparkMP pic.twitter.com/8BREWqKxGC
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) February 10, 2019
मुख्यमंत्री ने नहीं कलेक्टर ने की विकास घोषणाएँ
श्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली छिंदवाड़ा यात्रा में कहा था कि प्रदेश में अब मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली घोषणाओं पर विराम लगेगा। घोषणाएँ अधिकारी करेंगे और इसे पूरी करने की जवाबदारी भी उन्हीं की होगी। श्री नाथ के इस कथन के अनुरुप आज छिंदवाड़ा में कलेक्टर डॉ. श्रीनिवास शर्मा ने 24 नये गाँव में 67 किलोमीटर की 38 सड़कें बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया की इसके लिये 50 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो गयी हैं और अगले एक माह में सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जायेगा।
श्री नाथ ने कहा कि मैं विकास कार्यों की घोषणा नहीं करता। उन्होंने कहा कि जब छिंदवाड़ा में हाइवे बना मैंने घोषणा नहीं की। छिंदवाड़ा से दिल्ली ट्रेन शुरू होगी, इसकी घोषणा भी नहीं की। उन्होंने कहा कि घोषणाओं से विकास नहीं होता है। अगर विकास होगा तो जनता को दिखेगा।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिये। pic.twitter.com/AXFV2ed9uF
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) February 10, 2019
राजा भोज ने भारत की संस्कृति को महान बनाया
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राजा भोज की आदमकद प्रतिमा की स्थापना को छिंदवाड़ा के रहवासियों के लिये महत्वपूर्ण बताते हुये कहा कि राजा भोज की भारत देश के नव-निर्माण और इसकी संस्कृति को समृद्ध बनाने की एक व्यापक सोच थी। उन्होंने अपने समय में देश की संस्कृति को एक नई दिशा दी और जन-कल्याण की दिशा में काम करते हुये मिसाल पेश की। यही कारण है कि आज हम उनकी मूर्ति की स्थापना कर स्मरण कर रहे हैं और युवा पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत करा रहे हैं। श्री नाथ ने कहा कि हमारे देश में हर क्षेत्र में विविधता है तो भी हम एकता के मजबूत सूत्र में बँधे हुए हैं। पूरा विश्व हमारी हर दिल को जोड़ने वाली इस संस्कृति को आश्चर्य से
देखता है।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में सर्किट हाउस तिराहे पर स्थापित की गई सम्राट राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण किया। #jansamparkmp pic.twitter.com/RE5dUQjPeo
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) February 10, 2019
नागरिकों के प्यार, विश्वास का परिणाम है छिंदवाड़ा का विकास
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा शहर के लिये नियमित जल प्रदाय योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि योजना निर्धारित अवधि के 20 दिन पहले ही पूरी की गई। श्री नाथ ने कहा कि आज छिंदवाड़ा में जो भी विकास दिख रहा है उसके पीछे यहाँ के नागरिकों द्वारा मुझे दिया गया प्यार, विश्वास और ताकत है। उन्होंने कहा कि यह मेरी सबसे बढ़ी पूँजी है। इसी के बल पर हर चुनौती पर विजय पाकर हम विकास के पथ पर आगे बढ़ते जायेंगे।
विश्व स्तर का अस्पताल बने ऐसा प्रयास होगा
मुख्यमंत्री श्री ने कहा कि छिंदवाड़ा में निर्माणाधीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में ऐसा अस्पताल बनाने का हमारा प्रयास है, जिसमें विश्व-स्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। हमारी मंशा है कि छिंदवाड़ा सहित आसपास के लोगों को इलाज के लिये बाहर न जाना पड़े बल्कि बाहर के लोग यहाँ इलाज करवाने आएँ।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ छिंदवाड़ा में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में समीक्षा बैठक कर रहे हैं। pic.twitter.com/KN2NFTAxeg
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) February 10, 2019
नागरिक अभिनंदन
समारोह में मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ का राजा भोज प्रतिमा निर्माण समिति तथा अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री को अभिनंदन-पत्र और स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया।