सारंगी: पेटलावद तहसील के ग्राम सारंगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजन ने शव डॉक्टर के निवास के सामने रख दिया। मामले में परिजन ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुरुवार अलसुबह 4 बजे गर्भवती महिला रामा पति महेश खराड़ी (30) निवासी मठमठ को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। कई घंटों इंतजार के बाद भी कोई डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचा। परिजन का कहना है अस्पताल में आशा कार्यकर्ता शांति रावल थी, जिसने महिला को भर्ती किया। उसने आश्वासन दिया कि डॉक्टर साहब आ रहे हैं।
परिजन का कहना है डॉ. सुरेश कटारा ने घर से ही आशा कार्यकर्ता को गर्भवती महिला को 3 इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए। इंजेक्शन लगाने के बाद महिला का स्वास्थ्य बिगड़ता गया। परिजन ने डॉक्टर को बुलाने का प्रयास किया लेकिन डॉक्टर घर से नहीं आए और सुबह करीब पौने 11 बजे गर्भवती रामा ने दम तोड़ दिया।
महिला के गर्भ में 8 माह का बच्चा भी था, उसने भी दम तोड़ दिया। परिजन ने डॉक्टरों की लापरवाही को लेकर आक्रोश जताया। सभी अस्पताल प्रांगण में जमा हो गए। गर्भवती महिला का शव डॉक्टर सुरेश कटारा के निवास के घर के सामने रख दिया। वे डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सीएमएचओ डॉ. डीएस चौहान, जीएस चौयल, टीआई नरेंद्र वाजपेयी ने मौके पर पहुंचकर परिजन को समझाइश देते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर शाम करीब 7 बजे महिला का शव हटाया।
डॉ. सुरेश कटारा को सारंगी से हटाकर जिला अस्पताल अटैच किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उनकी जगह पेटलावद से डॉ. बघेल को सारंगी भेजा गया है।’ डॉ. डीएस चौहान, सीएमएचओ