अफगानिस्तान के कंधार में बड़ा आतंकी हमला हुआ है| गुरुवार को कंधार के गवर्नर, पुलिस चीफ और इंटेलीजेंस चीफ की गोली मार कर हत्या कर दी गई है| बताया जा रहा है कि गवर्नर के सुरक्षा गार्डों ने ही इनकी हत्या की है| वहां के सांसद खालिद पश्तून ने इसकी जानकारी दी|
गार्डों के इस हमले में एक अमेरिकी सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक भी घायल हुए हैं| अफगानिस्तान समाचार चैनल तोलो न्यूज के मुताबिक गवर्नर के आवास पर बैठक के बाद सभी लोग जा रहे थे, तभी एक गार्ड ने गोलीबारी शुरू कर दी| इसके बाद कई गार्ड इसमें शामिल हो गए और गोलीबारी शुरू कर दी|
भारत ने अफगानिस्तान में कंधार के गवर्नर, पुलिस चीफ और इंटेलीजेंस चीफ की हत्या की कड़ी निंदा की है| पीएम मोदी ने कंधार हमले पर दुख जताया है| उन्होंने कहा कि कंधार में आतंकी हमले से बेहद दुखी और हैरान हूं| भारत इस बड़े हमले की कड़ी निंदा करता है और इसमें जान गंवाने वाले कंधार के सीनियर लीडरशिप और अफगान भाइयों के प्रति शोक जताता है|
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम अफगानिस्तान के बहादुर लोगों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं|