भोपाल संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार को लेकर असमंजस धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। दिल्ली ने अंतत: स्पष्ट कर दिया कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। उनकी सीट में कोई बदलाव नहीं होगा। वे शनिवार को चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी कर सकते हैं। इधर, केंद्रीय मंत्री उमा भारती की दिल्ली में आरएसएस के प्रमुख नेताओं से उदासीन आश्रम में मुलाकात हुई, जिससे उन संभावनाओं को बल मिला कि भोपाल में कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सामने उमा भारती भाजपा से मैदान में उतर सकती हैं। हालांकि संगठन प्राथमिकता में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ही रख रहा है। साध्वी प्रज्ञा की संभावनाएं भी टटोली जा रही हैं। शुक्रवार को भाजपा की बची हुई आठ सीटों के लिए फिर मंथन हुआ, जिसमें से पांच पर तकरीबन सहमति बन गई।
यह सूची एक-दो दिन में जारी हो सकती है। इसमें गुना संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने भाजपा केपी यादव को और धार से छतर सिंह को टिकट दे सकती है। सागर में राजबहादुर सिंह पर सहमति बनी है, लेकिन केंद्रीय संगठन एक बार पूर्व मंत्री जयंत मलैया को लेकर भी जानकारी लेगा। झाबुआ में जीएल डामोर या कल सिंह भाबर और खजुराहो में वीडी शर्मा या रविराज यादव में से एक को भाजपा मैदान में उतारेगी।