नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच समझौता हो गया है| दिल्ली में समझौते की घोषणा खुद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की|
अमित शाह ने कहा कि राज्य में NDA बड़ी ताकत बनेगा| उन्होंने कहा कि सहयोगियों को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी| BJP अध्यक्ष ने कहा कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसकी घोषणा 2-3 दिन में कर दी जाएगी| शाह ने संवाददाताओं को बताया कि बहुत दिनों से बिहार में लोकसभा चुनाव के संदर्भ में सभी साथी दलों से चर्चा चल रही थी| आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ इस बारे में विस्तृत चर्चा हुई और यह तय हुआ कि BJP और JDU बराबर बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे|
शाह ने कहा कि यह भी तय हुआ है कि बिहार में नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी पूरे अभियान को नेतृत्व प्रदान करेंगे| उपेन्द्र कुशवाहा के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा भी हमारे साथी है और सभी एकसाथ है|