नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 2 बजे तक औसतन 38% मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा 52% वोट बंगाल में पड़े। बंगाल में लगातार चौथे चरण में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। आसनसोल में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं में सबसे ज्यादा झड़प हुई। वहीं, पूर्वी बर्दवान के केतुग्राम पोलिंग बूथ पर धांधली का दावा किया गया। कथित तौर पर हुई धांधली का वीडियो भी वायरल हुआ। इसमें वोटिंग के स्थान पर एकसाथ दो-दो लोगों को देखा गया। केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने ममता सरकार पर धांधली का आरोप लगाया।
इस बीच, आसनसोल के पोलिंग बूथ 199 पर भाजपा प्रत्याशी बाबुल सुप्रियो पीठासीन अधिकारी को डांटते दिखे। बाबुल ने पूछा- आप क्यों खड़े हो यहां? अपनी जगह पर बैठो। इसके बाद जब वे यहां से बाहर निकले तो तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। यहां सुरक्षाबलों और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। सुरक्षाबलों को उन्हें काबू करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में आयोग से शिकायत की। आसनसोल में सुप्रियो के खिलाफ तृणमूल ने मुनमुन सेन को उम्मीदवार बनाया है।
Estimated voter turnout till 2 pm for the 4th phase of #LokSabhaElections2019 is 38.63%. Voting is underway in 72 constituencies, across 9 states. pic.twitter.com/rvpsO0t5ar
— ANI (@ANI) April 29, 2019
कहां कितना मतदान
राज्य | 11 बजे | 12 बजे | 1 बजे | 2 बजे |
बिहार | 13% | 18% | 18% | 38% |
कश्मीर | 4% | 4% | 6% | 7% |
मप्र | 17% | 28% | 31% | 43% |
महाराष्ट्र | 7% | 17% | 20% | 30% |
ओडिशा | 9% | 20% | 21% | 36% |
राजस्थान | 14% | 29% | 32% | 45% |
उप्र | 16% | 21% | 25% | 34% |
बंगाल | 19% | 35% | 36% | 52% |
झारखंड | 18% | 29% | 32% | 45% |
चौथे चरण में 12 करोड़ 79 लाख मतदाता हैं। 943 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 33% करोड़पति हैं। 23% पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस चरण में महाराष्ट्र की 17, राजस्थान-उत्तरप्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्यप्रदेश-ओडिशा की 6-6, बिहार की पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान है। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर 3 चरणों में मतदान हो रहा है।