- प्रदेश, स्थानीय

चुनाव आयोग ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर लगाया 3 दिन का बैन

भोपाल: मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे और बाबरी मस्जिद पर विवादित बयान देने की वजह से भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर तीन दिन प्रचार नहीं कर पाएंगी। चुनाव आयोग ने विवादित बयान .पर संज्ञान लेते हुए उनके प्रचार पर 72 घंटे का बैन लगाया है। यह गुरुवार सुबह 6 बजे से प्रभावी होगा। इस दौरान वे पब्लिक मीटिंग, जुलूस, रैली, रोड शो, इंटरव्यू आदि नहीं कर सकेंगी। बैन के बाद प्रज्ञा ठाकुर अब तीन दिन तक राजधानी के मंदिरों में जाकर पूजा पाठ करेंगी।

गौरतलब है कि प्रज्ञा ठाकुर ने हेमंत करकरे पर उन्हें बेवजह प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। वहीं बाबरी ढांचे को स्वयं गिराने के उनके बयान से विवाद खड़ा हुआ था। इन दोनों मामलों में चुनाव आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया था। परीक्षण के बाद मंगलवार को उनके प्रचार पर तीन दिन बैन लगाने का फैसला लिया गया। इस दौरान वे किसी सभा को संबोधित करने के अलावा कहीं भी प्रचार नहीं कर सकेंगी।

मेरी अंतरात्मा की आवाज है

प्रज्ञा ठाकुर ने दिए गए बयान को वापस लेने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि किसी शहीद की शहादत के बारे में अपमानजनक बात नहीं कही। बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर उन्होंने जवाब दिया था- ‘मैंने धार्मिक भावनाओं को आहत करने की बात नहीं की थी। मेरे द्वारा दिया गया बयान अंतरात्मा की आवाज को व्यक्त करता है।’

आयोग संतुष्ट नहीं हुआ, भड़काने वाला बयान कहा

भोपाल के जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान को संतोषजनक नहीं पाया था। उसे आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन माना गया था। बाबरी मस्जिद पर दिए गए विवादित बयान पर उनके खिलाफ 22 अप्रैल को एफआईआर भी दर्ज हुई थी। आयोग ने उनके बयान को भड़काने वाला बताया।

मंदिरों में करेंगी पूजा-पाठ

चुनाव आयोग द्वारा प्रतिबंध की जानकारी लगने से पहले प्रज्ञा ठाकुर का गुरुवार को भोपाल में कई जगह सभाएं और जनसंपर्क का कार्यक्रम था। बैन की खबर लगने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। बताया जा रहा है कि प्रज्ञा सार्वजनिक स्थानों पर मौन रहेंगी। और मंदिरों में जाकर पूजा-पाठ करेंगी। इसकी शुरूआत उन्होंने सुबह 9 बजे कर्फ्यू वाली माता मंदिर सोमवारा, भवानी चौक पर आरती से की।

हम चुनाव आयोग के आदेश का पालन करेंगे। हमें लगता है कि पुन: अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा। इसलिए हम अपील पर विचार कर रहे हैं।- साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *