केरल: मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कम्युनिस्ट सरकार गिराने के बयान पर चुटकी ली। रविवार रात एक सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा के गॉडफादर हमारी सरकार गिराने की बात करते हैं। लेकिन उनके शरीर में सिर्फ पानी भरा है और इसका माद्दा नहीं। बेहतर होगा कि वो यह काम गुजरात में करें।
अमित शाह ने शनिवार को केरल दौरे पर सबरीमाला मंदिर में 10 साल की बच्चियों से लेकर 50 साल की महिलाओं को प्रवेश नहीं देने को लेकर जारी विवाद पर परोक्ष रूप से टिप्पणी की। शाह ने कहा था, राज्य में भाजपा और आरएसएस के 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। केरल की कम्युनिस्ट सरकार कान खोलकर सुने ले- जिस तरह भगवान अयप्पा के श्रद्धालुओं पर दमन का कुचक्र चला रहे हो, भाजपा पूरे देश के आस्थावान भक्तों के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी। अदालती फैसले के नाम पर कुछ लोग हिंसा भड़काना चाहते हैं। हम उन्हें कहना चाहते हैं कि देश में ऐसे कई मंदिर हैं, जिनके अपने अलग नियम हैं।
मुख्यमंत्री विजयन ने चेतावनी दी कि अमित शाह के बयान के बाद संघ कार्यकर्ता कोई अनुचित कदम उठाने की कोशिश न करें। अपने सभी हथकंडे अपनाने के बाद भी वे लोगों का भरोसा जीतने में नाकाम रहे। उन्होंने (शाह) यहां यात्राएं निकालीं, लेकिन अंत में भागना ही पड़ा।
विजयन ने पहले कहा था कि सबरीमाला पर अमित शाह का बयान संविधान और कानून के खिलाफ है। यह भाजपा और संघ के एजेंडे को स्पष्ट करता है। शाह केरल सरकार को गिराने की धमकी दे रहे हैं। लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि यह सरकार भाजपा की कृपा से नहीं बनी, बल्कि लोगों के जनादेश से बनी है।