भोपाल. लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में मध्यप्रदेश की आठ संसदीय सीटों पर रविवार को 61.44 फीसदी मतदान हुआ। भिंड और मुरैना में कई बड़े नेताओं और प्रत्याशियों को शांतिपूर्ण मतदान के लिए वोट डालने के बाद नजरबंद कर दिया गया। भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने इस बार मतदान नहीं किया। उनकी पत्नी अमृता सिंह ने भोपाल में श्यामला हिल्स स्थित केंद्र पर मतदान किया।
कहां कितना हुआ मतदान: राज्य निर्वाचन आयोग ने रात 7.30 बजे जो आंकड़े जारी किए। उसके मुताबिक, मुरैना में 54.36, भिंड में 53.09, ग्वालियर में 57.41, गुना में 65.24, सागर 64.92, विदिशा 67.51, भोपाल में 61.71 और राजगढ़ में 68.90 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
इस चरण में 138 उम्मीदवार मैदान में थे। सबसे रोचक मुकाबला भोपाल संसदीय क्षेत्र में है। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मैदान में हैं। भोपाल में दिनभर दिग्विजय सिंह मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। वे मतदान केंद्रों पर आयोग द्वारा की गई व्यवस्थाओं से भी नाखुश नजर आए। शाम को वह भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के बरखेड़ी में एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां कम मतदान होने पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डांट लगाई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने फोन लगा मतदाताओं से मतदान करने आने को कहा।
भिंड और सागर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला: भिंड के करथरा में पोलिंग बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता का सिर फोड़ने की घटना सामने आई। गोरमी के अकलौनी में बूथ नंबर 70 पर ईवीएम में लगी भाजपा की बटन पर फेवीक्विक डाले जाने की घटना भी हुई। वहीं रौन के जैतपुरा गुड़ा में कब्जे को लेकर दो सिपाहियों से मारपीट हुई। दतिया बसई क्षेत्र के जैतपुरा गांव में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर विवाद हुआ। सागर में बड़ा बाजार मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा पार्षद को गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट कराया गया।
शहीद हेमंत करकरे की बहन ने किया मतदान: मुंबई आतंकी हमले में शहीद हेमंत करकरे की भोपाल निवासी बहन ने मतदान में हिस्सा लिया। बताया जा रहा है कि वह अपने परिजनों के साथ सुबह पौने सात बजे ही मतदान केंद्र पर जा पहुंचीं और दूसरे-तीसरे क्रम पर वोट डालकर चुपचाप घर लौट गई।
मतदाता ने गोपनीयता भंग की: रायसेन जिले के सिलवानी थाना में मतदान की गोपनीयता भंग के मामले में सौरभ जैन नामक युवक पर हुई एआईआर दर्ज हुई। पोलिंग बूथ के अंदर मतदाता ने वीडियो बनाया था जिससे गोपनीयता भंग हुई।
भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद: भोपाल के विवेकानद मतदान केंद्र में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया। कांग्रेस का आरोप है कि मतदान केंद्र परिसर में भाजपा को वोट देने के साथ 2 नंबर बटन दबाने के लिए जोर दिया जा रहा था। मतदाताओं का नाम पता भी नोट किया जा रहा था। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर विवाद हुआ। गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ क्रमांक 326 में भाजपा के 2 कार्यकर्ता घनश्याम साहू और धर्म वीर को बागसेवनिया पुलिस ले गई। वहीं, दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 57 में कार्यकर्ता नईम अंसारी को कमला नगर पुलिस ले गई।
मशीन पर गिरी महिला: राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में मतदान के दौरान एक महिला को चक्कर आ गए और वो ईवीएम पर ही गिर गई। इस वजह से ईवीएम का प्रिंटर खराब हो गया और उसकी जगह पर दूसरा प्रिंटर लगाया गया।
शिवपुरी में हुई झड़प: शिवपुरी के पोहरी में मतदान को लेकर दो पक्षों में झड़प का मामला सामने आया। ग्राम लोखरी मतदान केंद्र क्रमांक 161 पर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने को लेकर आदिवासी व यादवों में झड़प की बात सामने आई।
मत्री के भाई पर धमकाने का आरोप: भोपाल के महापौर आलोक शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुराने शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में राज्य सरकार के एक मंत्री के भाई ने उनकी पार्टी के पोलिंग एजेंट को धमकाया। शर्मा ने मीडिया से कहा कि पुराने शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में कुछ मतदान केंद्रों पर भाजपा के पोलिंग एजेंट के रूप में अंकित साहू, पंकज साहू और आकाश प्रजापति को तैनात किया गया था। वहां पर राज्य सरकार के मंत्री आरिफ अकील के भाई आमिर अकील पहुंचे और उन्होंने पोलिंग एजेंट को धमकाते हुए केंद्र से बाहर करने का प्रयास किया।
इनके बीच है मुकाबला-
लोकसभा क्षेत्र | भाजपा | कांग्रेस |
भोपाल | प्रज्ञा ठाकुर | दिग्विजय सिंह |
गुना | केपी यादव | ज्योतिरादित्य सिंधिया |
मुरैना | नरेंद्र सिंह तोमर | राम निवास रावत |
ग्वालियर | विवेक शेजवलकर | अशोक सिंह |
भिंड | संध्या राय | देवाशीष जारड़िया |
सागर | राज बहादुर सिंह | प्रभांशु सिंह ठाकुर |
राजगढ़ | रोडमल नागर | मोना सुस्तानी |
विदिशा | रमाकांत भार्गव | शैलेंद्र पटेल |
ऐसी रहीं व्यवस्थाएं: मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ संसदीय सीटों के लिए 18114 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 44 लाख 41 हजार से अधिक है। मतदान के लिए 79 हजार से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 45 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मचारी और केंद्रीय सुरक्षा बल के कर्मचारी लगाए गए हैं।
19 मई को यहां होगा मतदान: सातवें और अंतिम चरण में आठ लोकसभा क्षेत्रों देवास, उज्जैन, इंदौर, धार, मंदसौर, रतलाम, खरगोन और खंडवा में मतदान होगा। मतगणना 23 मई को होगी।