भोपाल/नेहरू नगर: मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात सिपाही पर इलाके के एक बदमाश ने छुरी से हमला कर दिया। वारदात के वक्त वे नेहरू नगर में बच्चों के लिए नाश्ता पैक करवा रहे थे। अंदाजा है कि एक दिन पहले एक झगड़े में बीच बचाव करने से बदमाश नाराज रहा होगा। कमला नगर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नेहरू नगर पुलिस लाइन निवासी 44 वर्षीय दीपक चतुर्वेदी इन दिनों मुख्यमंत्री सुरक्षा में पदस्थ हैं। शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे वे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। बच्चों ने फोन कर मंचूरियन लाने के लिए कहा। नेहरू नगर में रुककर वे मंचूरियन पैक करवाने लगे। इस दौरान मिले एक परिचित से वे बात कर रहे थे। तभी वहां आए विक्की नामक बदमाश ने उन पर छुरी से हमला कर दिया। बचने के लिए वे पीछे की ओर झुके तो छुरी चेहरे पर जा लगी। खून से लथपथ दीपक को फौरन जेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके गाल पर छह टांके आए हैं। रात करीब साढ़े दस बजे वे थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया।





