- विदेश

चीन ने समुद्र से लॉन्च किया रॉकेट, अमेरिका और रूस के बाद बना तीसरा देश

पेइचिंग : चीन ने बुधवार पहली बार एक तैरते हुए जहाज से अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक रॉकेट लांच किया। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शानडोंग प्रांत में पीत सागर में एक चलित प्लेटफार्म से दोपहर 12.06 बजे एक ‘ए लांग मार्च-11 सॉलिड प्रोपेलेंट कैरियर रॉकेट’ ने उड़ान भरी। चीन ने समुद्र स्थित प्लेटफार्म से पहली बार अंतरिक्ष में रॉकेट लांच किया है और यह लांग मार्च कैरियर रॉकेट सीरीज का 306वां अभियान है। समुद्र से रॉकेट लॉन्च करने वाला चीन तीसरा देश है। उससे पहले अमेरिका और रूस ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

चीन ने बीते कुछ सालों में स्पेस टेक्नॉलजी में अरबों डॉलर का निवेश किया है और अब उसका लक्ष्य इस क्षेत्र में 2030 तक सुपरपावर बनने का है। लॉन्ग मार्च-11 छोटे सैटेलाइट को ले जा सकता है और एक ही समय में कई सैटेलाइट को कक्षा में स्थापित कर सकता है। रॉकेट ने दो प्रौद्योगिकी परीक्षण सैटेलाइट और पांच वाणिज्यिक सैटेलाइट को लेकर उड़ान भरी।

सिन्हुआ ने अंतरिक्ष क्षेत्र के विशेषज्ञ के हवाले से कहा, ‘समुद्र से लांच करने की प्रौद्योगिकी कम झुकाव(लॉ इनक्लिनेशन) वाले सैटेलाइटों की बढ़ती मांग को पूरा करेगी और चीन को बेल्ट एवं रोड पहल में भाग लेने वाले दोस्तों के लिए लांच सेवा मुहैया कराएगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *