भोपाल : भोपाल के पंचशील नगर क्षेत्र के स्कूल में जंजीरों से जकड़े और जले लड़के के शव को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है कि युवक की हत्या नहीं की गई, बल्कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने ये जानकारी युवक के मोबाइल फोन में मिले वीडियो के आधार पर की है।
टीटी नगर सीएसपी उमेश तिवारी ने बताया कि हमें युवक के घर से एक मोबाइल जब्त किया गया था, इसमें एक वीडियो मिला था। वीडियो युवक ने 6 दिसंबर को शाम को 9.14 बजे का बनाया हुआ है। इसमें युवक कह रहा है कि अपनी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं, इसके लिए किसी को परेशान न किया जाए। साथ पुलिस ने ये भी संदेह जताया है कि युवक अनिल ठाकरे वही है, जो तीन दिन पहले गायब हुआ था। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने परिजनों के डीएनए सैंपल लिए हैं।
जिस स्टोर रूम से शव बरामद किया है, वहां से लगी हुई पंचशील नगर की दुकानें हैं। इन दुकानों से चढ़कर अंदर प्रवेश किया जा सकता है। इसके अलावा भी स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर भी अंदर प्रवेश किया जा सकता है। पुलिस अब इस जांच में जुटी है कि आखिर आरोपियों ने स्कूल में कहां से प्रवेश किया।पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती के लिए पंचशील नगर से तीन दिन से लापता अनिल ठाकरे के परिजनों के डीएनए सैंपल लिए हैं। हालांकि अनिल के भाई ने शव देखने के बाद उसे पहचानने से इनकार कर दिया। सीएसपी उमेश तिवारी का कहना है कि अनिल बैग सिलाई का काम करता है। बताया गया है कि अनिल का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।



