बेंगलुरु: लगभग 600 करोड़ पॉन्जी इन्वेस्टमेंट स्कैम केस में आरोपों का सामना कर रहे भारतीय जनता पार्टी नेता और पूर्व राज्य मंत्री जनार्दन रेड्डी को सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके ऊपर मनी लॉन्ड्रिंग और मुख्य आरोपी की पैसों के गैर कानूनी लेन-देन में मदद करने का आरोप है। उनके अलावा उनके साथी महफूज अली खान को भी गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले उन्होंने जांच अधिकारी डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCB) एस. गिरीश को हटाने की अपील की थी।
पॉन्जी घोटाला मामले में उनसे रात 2:30 बजे तक पूछताछ की गई| इसके बाद सीसीबी के वेटिंग रूम में ही उन्होंने पूरी रात बिताई| पिछले तीन दिनों से गायब चल रहे रेड्डी शनिवार को अपने वकीलों के साथ केंद्रीय अपराध शाखा कार्यालय पहुंचे थे| रविवार को उनके साथ दोबारा पूछताछ की गई और जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला किया गया| इससे पहले उन्होंने किसी अज्ञात स्थान से वीडियो जारी कर कहा था कि वह केंद्रीय अपराध शाखा के सामने पेश होंगे|




