नई दिल्ली.भारतीय रेलवे ने गुरुवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस सेवा बंद नहीं की गई है। पहले पाक मीडिया के हवाले से ये कहा गया था कि इमरान सरकार ने समझौता एक्सप्रेस सेवा रद्द कर दी है। उत्तर रेलवे ने कहा कि पाकिस्तान के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों के चलते अपना चालक दल भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद भारत ने अपना ड्राइवर और इंजन पाकिस्तान भेजा और ट्रेन को भारत लाया।
पाकिस्तान की इमरान सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद बुधवार को भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार खत्म करने का फैसला लिया था। साथ ही राजनयिक संबंधों में कटौती की भी बात कही।भारत सरकार ने गुरुवार को इस पर खेद जताया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह एकतरफा फैसला है। पाक को इस फैसले की समीक्षा करनी चाहिए। इसपर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सबसे बड़ी आशंका तो हमें हमारे पड़ोसी के बारे में रहती है। समस्या यह है कि आप दोस्त बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं। जैसा पड़ोसी हमारे बगल में बैठा है, परमात्मा करे कि ऐसा पड़ोसी किसी को नमिले।




