- प्रदेश, स्थानीय

सबसे ज्यादा बारिश वाले 10 स्थानों में से 6 मप्र में, भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली/भोपाल : देश में इस समय भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में देशभर में जिन 10 जगहों पर सबसे ज्यादा बारिश हुई, उनमें से 6 स्थान मध्यप्रदेश के हैं। राजधानी भोपाल में 24 घंटे में 14 सेमी पानी गिर गया।सिवनी में 31 सेमी, सागर में 10 सेमी और रायसेन में 13 सेमी बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 18 राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा, कर्नाटक, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

मौसम वैज्ञानिक (भोपाल) एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल में अब तक 140 सेमी (1400 मिमी) से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इससे पहले 2006 में 160 सेमी (1600 मिमी) बारिश हुई थी। भोपाल में 1947 में 23 सेमी पानी गिरा था।

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश की तीन वजहें हैं। प्रदेश में तीन सिस्टम सक्रिय हैं। एक- उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दूसरा- प्रदेश से द्रोणिका गुजर रही है। तीसरा- 21° उत्तरी अक्षांश पर पूर्वी-पश्चिमी हवा मिल रही है। शुक्ला का कहना है कि अभी यह सिस्टम जबलपुर-शहडोल और भोपाल के आसपास ज्यादा सक्रिय है। सोमवार के बाद यह सेंट्रल मध्य प्रदेश शिफ्ट होगा। प्रदेश में 3 दिन भारी बारिश की आशंका है। अब तक मध्य प्रदेश में 18% ज्यादा बारिश हो चुकी है।

देशभर में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश वाले स्थान

जगह राज्य बारिश
सिवनी मप्र 31.3 सेमी
बैरागढ़ (भोपाल) मप्र 14 सेमी
पासीघाट अरुणाचल 13.7 सेमी
महाबलेश्वर महाराष्ट्र 13.6 सेमी
रायसेन मप्र 13.2 सेमी
भावनगर गुजरात 11.5 सेमी
सागर मप्र 10.9 सेमी
नरसिंहपुर मप्र 9.2 सेमी
पोरबंदर गुजरात 9 सेमी
होशंगाबाद मप्र 8.8 सेमी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *