कैलिफोर्निया: अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत के इतिहास में सबसे भयावह आग की चपेट में आए 14 और लोगों के शव शनिवार को बचावकर्मियों ने बरामद किए| जिसके बाद भीषण आग लगने की इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई. स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी|
जंगल से फैल कर पूरे शहर को अपनी चपेट में लेने वाली आग को बुझाने के लिए दमकलकर्मी जोर-शोर से जुटे हुए हैं और जल्द ही आग पर काबू पा लिए जाने की उम्मीद है| स्थानीय अधिकारी कोरी होनिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, आज 14 और शव का पता चला, जिससे मृतकों की कुल संख्या 23 हो गई है|
अधिकारियों ने इस भयंकर आग को कैंप फायर कहा है| आग इस इलाके के 6,700 से ज्यादा इमारतों को तबाह कर चुकी है, जिनमें ज्यादातर आवासीय भवन शामिल हैं| पूरे पैराडाइज शहर में धुआं फैला हुआ है| पूरा शहर खाली हो चुका है| कैलिफोर्निया के नव निर्वाचित गवर्नर गेविन न्यूजम ने आग से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए क्षेत्रों को सहायता प्रदान करने के लिए आपात स्थिति की घोषणा की है|





