- देश

अगस्ता केस: ED की चार्जशीट में खुलासा, AP यानी अहमद पटेल, FAM मतलब फैमिली

अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट में बड़ा खुलासा हुआ है. ईडी ने अपनी चार्जशीट में कहा कि बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल ने AP का मतलब अहमद पटेल और FAM का मतलब फैमिली बताया है. चार्जशीट में ईडी ने यह भी उल्लेख किया है कि मिशेल के एक पत्र के अनुसार, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर उनकी पार्टी के नेताओं द्वारा दबाव डाला गया था.

ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, क्रिश्चियन मिशेल ने कई एयरफोर्स अधिकारियों, नौकरशाहों और राजनीतिक व्यक्तियों को घूस की रकम 30 मिलियन यूरो दी गई. मिशेल ने बताया कि इसमें AP का मतलब अहमद पटेल और Fam का मतलब फैमिली है.

इससे पहले आरोपी बिचौलिए सुशेन गुप्ता ने बड़ा खुलासा किया है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुशेन गुप्ता की हिरासत की मांग करते हुए अदालत के समक्ष दावा किया कि अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर घोटाला मामले में ‘आरजी’ ने साल 2004 से 2016 के बीच 50 करोड़ रुपये की घूस ली. ईडी ने आरोप लगाया कि सुशेन गुप्ता ने ‘आरजी’ द्वारा 50 करोड़ रुपये की घूस लेने की बात तो कबूली है, लेकिन इसका फुलफॉर्म यानी आरजी कौन है यह नहीं बता रहा है.

ईडी ने कहा कि सुशेन गुप्ता जानबूझकर अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर घोटाला मामले की जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है. वह आरजी का सही फुलफॉर्म नहीं बता रहा और गलत जानकारी दे रहा है. दरअसल, ईडी को सुशेन गुप्ता की डायरी और पेन ड्राइव में आरजी का कई बार जिक्र किया गया है. इसमें कहा गया कि अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर मामले में आरजी ने साल 2004 से 2016 के बीच 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की घूस ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *